पंचकूला पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ओवरलोड ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सेक्टर-21 सरकारी स्कूल के पास हुई चेकिंग में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर 7 ऑटो के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पर 4 ऑटो इंपाउंड किए गए। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने नियमित जांच जारी रखने और अभिभावकों से भी सतर्क रहने की अपील की।
पंचकूला (कपिल नागपाल) : स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस ने ओवरलोड ऑटो के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने ट्रैफिक पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता न किया जाए और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सेक्टर-21 स्थित सरकारी स्कूल के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी एसएचओ वरिंदर सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने स्कूल से बच्चों को लेकर जा रहे ऑटो की जांच की।
अभियान के दौरान क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर *7 ऑटो के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर **4 ऑटो को इंपाउंड* कर सेक्टर-21 पुलिस चौकी में खड़ा करवाया गया।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों की नियमित जांच जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को भेजते समय ऑटो की स्थिति और उसमें बैठे बच्चों की संख्या जरूर देखें। किसी तरह की लापरवाही दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।