जिला प्रशासन, विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से पूरे जिले में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं, जबकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संदेश भी दिया जा रहा है।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित जिला प्रशासन अमृतसर द्वारा जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का विशेष अभियान तेजी से जारी है। विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक सेवा संस्थाओं के सहयोग से सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है। अभियान में बच्चे और बुजुर्ग भी उत्साहपूर्वक योगदान दे रहे हैं।
डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी ने मानवता को समानता, निःस्वार्थ सेवा और प्रकृति से प्रेम का संदेश दिया। इसी भावना के तहत प्रकाश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गांवों से शहर तक हरियाली बढ़ाने पर जोर
उन्होंने बताया कि पौधे गांवों की साझा जगहों, शामलात जमीनों, पार्कों, स्कूल-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, सड़कों, नहरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जा रहे हैं।
पौधों की देखभाल भी होगी सुनिश्चित
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल कर उन्हें बड़े पेड़ों के रूप में विकसित करना है। संबंधित विभाग और संस्थाएं लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी संभालेंगी।
उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की। वन विभाग द्वारा सरकारी विभागों व सामाजिक संस्थाओं को आवश्यकता अनुसार पौधे निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।