लुधियाना/यूटर्न/18 अगस्त। गांव अयाली कलां में एक प्लॉट का सौदा करके बयाने के तौर पर 32 लाख रुपए ले लिए गए। लेकिन बाद में मां- बेटे समेत 5 लोगों द्वारा रजिस्ट्री करवाने से इंकार कर दिया गया। जिसके चलते पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मात्र 40 दिन की जांच के बाद कार्रवाई कर दी। थाना सराभा नगर की पुलिस ने गांव अयाली कलां के प्रेम सिंह की शिकायत पर बस्ती जोधेवाल की शरनजीत कौर, उसके बेटे कमलप्रीत सिंह, अयाली कलां के हरप्रीत सिंह, हैबोवाल कलां के गुरप्रीत सिंह और बीरपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने उक्त आरोपियों के साथ गांव अयाली कलां में एक 250 गज के प्लॉट का सौदा किया था। जिसकी एवज में उसने पहले 12 लाख और फिर 20 लाख रुपए बतौर बयाने के तौर पर दिए थे। लेकिन बाद में उन्होंने रजिस्ट्री कराने को टाल मटोल करनी शुरु कर दी। शक होने पर शिकायतकर्ता ने पेमेंट वापिस मांगी तो आरोपियों ने न तो पेमेंट दी और न ही रजिस्ट्री करवाई।
----