स्वतंत्रता दिवस की भावना को समर्पित इस विशेष बाइक रैली में 46 महिला राइडरों ने हिस्सा लेकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। डोगराई वार मेमोरियल में वीर नारियों का सम्मान किया गया और महिलाओं को आत्मविश्वास, एकता, नेतृत्व तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : स्वतंत्रता दिवस की भावना को समर्पित करते हुए भारतीय सेना के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने, वीर नारियों के साहस एवं बलिदान को नमन करने तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से पैंथर डिवीजन द्वारा महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली ओल्ड अमृतसर कैंट से न्यू अमृतसर मिलिट्री स्टेशन स्थित डोगराई वार मेमोरियल तक निकाली गई
गुलमोहर कौरल कपूर ने किया नेतृत्व
रैली का नेतृत्व पैंथर डिवीजन एफ.डब्ल्यू.ओ. की चेयरपर्सन श्रीमती गुलमोहर कौरल कपूर ने किया, जबकि एफ.डब्ल्यू.ओ. पैंथर डिवीजन की वाइस चेयरपर्सन श्रीमती संतोष छिल्लर ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पैंथर डिवीजन के अधिकारियों, जे.सी.ओ. तथा अन्य रैंकों के परिवारों से संबंधित 46 महिला बाइक राइडरों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।
डोगराई वार मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि
डोगराई वार मेमोरियल पहुंचने पर महिला बाइक राइडरों ने बैटल ऑफ डोगराई के दौरान देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की वीरता, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा में उनके योगदान को याद किया।
वीर नारियों का विशेष सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। वीर नारियों को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके साहस, त्याग, दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति योगदान की सराहना की गई।
एकता और राष्ट्र सेवा का संदेश
यह रैली देशभक्ति, गौरव और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने का प्रभावशाली माध्यम बनी। कार्यक्रम के दौरान “Together We Can, Together We Will” का संदेश देते हुए राष्ट्र सेवा, एकता और समर्पण का सामूहिक संकल्प लिया गया।