झांसी रानी चौक स्थित रेलवे पुल पर सड़क निर्माण के दौरान हटाई गई सुरक्षा रेलिंग अब तक नहीं लगाई गई। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के आश्वासनों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। गलत दिशा से गुजरते वाहनों, लगातार लगने वाले जाम और बढ़ते हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
जगरांव: शहर के झांसी रानी चौक के पास रेलवे पुल पर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क निर्माण के दौरान पुल की सुरक्षा रेलिंग उखाड़ दी गई थी। सड़क बने करीब 4 महीने बीत चुके हैं, लेकिन आज तक रेलिंग नहीं लगाई गई, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
अधिकारियों के खोखले दावे
जब लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक्सियन से बात की गई, तो उन्होंने 1-2 दिन में रेलिंग लगवाने का भरोसा दिया था। लेकिन 15 दिन बाद संपर्क करने पर उन्होंने मामले को जेई करमजीत सिंह के जिम्मे टाल दिया। जेई भी लगातार 1-2 दिन का बहाना बनाकर टालमटोल कर रहे हैं।
जाम और गलत दिशा से बढ़ता खतरा: सुरक्षा दीवार न होने के कारण रोजाना हजारों वाहन गलत दिशा (Wrong Side) से गुजरते हैं, जिससे हर रोज हादसे और चालकों में आपसी झगड़े आम हो गए हैं। इसके अलावा, पुल पर अक्सर लंबा जाम लगा रहता है, जिससे जनता बेहाल है।
बड़े हादसे का इंतजार?
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा? अब देखना यह है कि जनता की सुरक्षा को ताक पर रखने वाला प्रशासन कब हरकत में आता है।