लुधियाना/यूटर्न/18 अगस्त। फिल्डगंज के कूचा नंबर 10 में प्राचीन सनातन धर्म सभा श्री कृष्ण मंदिर में चोरों द्वारा वारदात की गई। चोर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। जिसके बाद भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, चतुर्भुज भगवान विष्णु और पीतल के लड्डू गोपाल जी के 4 विग्रह समेत कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। इन विग्रहों पर सोने की परत चढ़ी हुई थी। थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। मंदिर कमेटी के प्रधान चंद्र मोहन डांग ने बताया कि चोरों द्वारा मंदिर के मेन गेट का ताला तोड़कर वारदात की गई। सोमवार को जब माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए जा रहे कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर का मुख्य गेट खुला देखा। शक होने पर उन्होंने मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित विनीत पाठक को फोन कर सूचना दी। पुजारी मौके पर पहुंचे तो दोनों दरवाजों के ताले गायब मिले। मंदिर के अंदर पेटियां और अलमारियां खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर गर्भगृह से भगवान के चारों विग्रह गायब मिले। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ शकी युवक आते जाते हुए दिख रहे हैं।
----