वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत फेज-1 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 चोरी के मोटरसाइकिल और आठ साइकिल बरामद की हैं। मामले में अन्य वारदातों और आरोपियों के संभावित साथियों को लेकर जांच जारी है।
मोहाली : शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फेज-1 थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर *10 चोरी के मोटरसाइकिल और आठ साइकिल* बरामद किए हैं। कार्रवाई एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के दिशा-निर्देशों पर की गई।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि आठ अगस्त को पुलिस ने सूचना के आधार पर रणजीत सिंह निवासी फतेहगढ़ साहिब को चोरी के मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर एक और मोटरसाइकिल बरामद हुआ। पूछताछ में रोहित सिंह उर्फ अमन उर्फ डागी और करण शर्मा के नाम सामने आए।
पुलिस ने 10 अगस्त को करण शर्मा को गिरफ्तार कर उससे तीन मोटरसाइकिल बरामद किए। बाद में उसकी निशानदेही पर मोहाली क्षेत्र से चोरी की गई आठ साइकिल भी बरामद हुईं।
12 अगस्त को रोहित सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। रिमांड के दौरान उससे पांच मोटरसाइकिल बरामद हुए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।