स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन और सशक्त निगम के पांच संकल्पों के साथ शुरू किया कार्यकाल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी शुभकामनाएं और बेहतर काम की उम्मीद जताई
नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष का पद संभालने के बाद सत्या शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही भी मौजूद रहे। बैठक में निगम के आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं को लेकर चर्चा हुई।
सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री को स्थायी समिति की आगामी कार्ययोजना से अवगत कराते हुए कहा कि उनका कार्यकाल ‘स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन और सशक्त निगम’ के पांच प्रमुख संकल्पों पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों के माध्यम से एमसीडी की नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाएगा।
कचरा प्रबंधन से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक पर रहेगा फोकस
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना, ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार लाना और स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने बताया कि निगम अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, जनस्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने और एमसीडी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सत्या शर्मा ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ-साथ निगम को आर्थिक एवं प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
केंद्र और दिल्ली सरकार के सहयोग से विकास को मिलेगी गति
सत्या शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के सहयोग से नगर निगम जनहित से जुड़े विकास कार्यों को नई गति देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के बेहतर तालमेल से दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ, विकसित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्या शर्मा को स्थायी समिति अध्यक्ष का कार्यभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमसीडी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और राजधानी के विकास कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।