सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में हुई बैठक में डीसीपी अदिति सिंह ने थाना प्रभारियों और अधिकारियों को क्षेत्रवार एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। हत्या, महिला अपराध और अन्य गंभीर मामलों में लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा पंचकूला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पंचकूला (कपिल नागपाल) : पंचकूला पुलिस ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर अपनी रणनीति और तेज कर दी है। सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को आयोजित क्राइम समीक्षा बैठक में डीसीपी अदिति सिंह ने सभी एसीपी, थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज और शाखा प्रभारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीसीपी ने कहा कि हत्या, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्य गंभीर मामलों की जांच में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
डीसीपी अदिति सिंह ने चोरी, स्नैचिंग, घरों में सेंधमारी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को नियमित नाकाबंदी, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच और क्षेत्र के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में काम करने को कहा।
बैठक में आदतन अपराधियों, पैरोल पर बाहर आए कैदियों और जेल से रिहा हुए अपराधियों की लगातार निगरानी रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। साथ ही एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। डीसीपी ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीकी एप्लीकेशनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग किया जाए। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी, साथ ही मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी।
वहीं, पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस की सभी इकाइयां पूरी सक्रियता से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।