चंडीगढ़ में मंत्रिमंडल बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को निष्पक्ष अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पंजाब के फार्मेसी परीक्षा विवाद का जिक्र करते हुए विपक्ष से जवाब मांगा। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए टैक्स छूट और चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 में पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया और अब इसे और अधिक सख्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस शासन के दौरान नौकरियों में "खर्ची-पर्ची" और पेपर लीक जैसी शिकायतें सामने आती थीं। वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद भी भर्ती परीक्षाओं को लेकर विवाद सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाब में हाल ही में सामने आए फार्मेसी परीक्षा पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद और मिशन-100 जैसी योजनाओं के माध्यम से आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर दिया गया है, जिससे अनेक विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीजल की खपत कम करने के आह्वान के अनुरूप हरियाणा सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 30 लाख रुपये तक के इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर 100 प्रतिशत और इससे अधिक कीमत वाले वाहनों पर 50 प्रतिशत टैक्स छूट दी जा रही है। साथ ही प्रदेशभर में चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पंजाब दौरों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि पंजाब और हरियाणा के लोगों के बीच भाईचारे का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के निमंत्रण पर ही वह वहां जाते हैं और इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।