सीएम ने अधिकारियों को कूड़े के पहाड़ खत्म करने, जलभराव रोकने, गड्ढे भरने और राजधानी के सौंदर्यीकरण पर मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए, कहा- स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है
नई दिल्ली (Naren Danu) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को खुद डीटीसी बस में सवार होकर राजधानी के विभिन्न इलाकों का जमीनी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बस से सफर करते हुए मानसून के दौरान शहर की वास्तविक स्थिति, सफाई व्यवस्था, सड़क सुविधाओं और नागरिक सेवाओं की प्रगति का आकलन किया।
मुख्यमंत्री की निरीक्षण यात्रा जन सेवा सदन से शुरू हुई, जो आउटर रिंग रोड, मधुबन चौक होते हुए रोहिणी सेक्टर-33 स्थित डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक पहुंची। इस दौरान उन्होंने रास्ते में पड़ने वाली लैंडफिल साइटों पर कचरा निस्तारण कार्यों की प्रगति भी देखी।
रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली से कूड़े के पहाड़ खत्म करने की मुहिम में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइटों के निपटारे का काम तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और इसकी लगातार निगरानी की जाए।
जलभराव और सड़कों की स्थिति पर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बारिश के कारण जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों की सफाई व्यवस्था और सड़क किनारे जमा मलबे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था को मजबूत रखा जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को प्राथमिकता से भरने और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की सड़कें सिर्फ यातायात का साधन नहीं बल्कि दिल्ली की पहचान हैं, इसलिए इनका सुरक्षित और बेहतर होना जरूरी है।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क किनारे पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाने, प्रमुख चौराहों और मार्गों पर हरित क्षेत्र विकसित करने तथा खाली दीवारों को आकर्षक चित्रों और कलात्मक पेंटिंग्स से सजाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ सुंदर बनाना भी जरूरी है। स्वच्छता और सौंदर्यीकरण दोनों को साथ लेकर चलने से ही राजधानी को आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा सकता है।
डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने रोहिणी स्थित डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सड़क व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता, हरित क्षेत्र, जलभराव रोकथाम और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री रवींद्र इंद्राज सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और उन्हें तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अब केवल फाइलों के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा नहीं करेगी, बल्कि हर महत्वपूर्ण परियोजना का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम और सुंदर राजधानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को मिशन मोड में काम करना होगा।