अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से चल रहे हथियार और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच पिस्तौल, हेरोइन और नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में थे और उनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
अमृतसर (नवीन गोगना) : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच .30 बोर पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन और ₹5 लाख की ड्रग मनी बरामद हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार उर्फ भैया, साहिब सिंह, संजीव कुमार उर्फ नन्नू और संदीप कुमार उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा थे।
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, खुफिया सूचना पर पहले बिट्टू और साहिब सिंह को एक पिस्तौल सहित पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद हुए। इसके बाद संजीव और संदीप को गिरफ्तार कर हेरोइन तथा ड्रग मनी बरामद की गई। संदीप की निशानदेही पर दो अतिरिक्त पिस्तौल भी मिले।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बिट्टू के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। थाना सदर अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।