एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो ने अमृतसर में प्रशासनिक बैठक के दौरान केंद्र की योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों और मानवाधिकार मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान जरूरी है। बरनाला लाठीचार्ज प्रकरण में उन्होंने पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगते हुए कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बरनाला/अमृतसर (नवीन गोगना) : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), नई दिल्ली के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोमवार को अमृतसर दौरे के दौरान आम लोगों की शिकायतें सुनीं, जिला प्रशासन के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान प्रियंक कानूनगो ने मकबूलपुरा, अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज तथा श्री राम तीर्थ में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके।
इसके बाद जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), पीएम विश्वकर्मा योजना, पॉक्सो मामलों की स्थिति, आयुष्मान भारत योजना, मिशन वात्सल्य, सेफ स्कूल व्हीकल योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, दिव्यांगजनों के कौशल विकास कार्यक्रम, शिक्षा विभाग की योजनाओं सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
एनएचआरसी सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे और किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर प्रियंक कानूनगो ने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग देश के प्रत्येक नागरिक के मानवाधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अमृतसर दौरे के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बरनाला लाठीचार्ज मामले पर पंजाब सरकार से मांगी रिपोर्ट
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंक कानूनगो ने बताया कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के संबंध में पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजेश बागा द्वारा आयोग को शिकायत भेजी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएचआरसी ने पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वह स्वयं बरनाला जाकर प्रभावित सफाई कर्मचारियों से मुलाकात करेंगे और घटनास्थल का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पल्लवी मिश्रा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास), डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर विजय आलम सिंह, एसडीएम अमृतसर-1 अलका कालिया, एसडीएम अमृतसर-2 गुरमंदर सिंह, एसडीएम अजनाला चारुमिता, एसडीएम बाबा बकाला साहिब जसनदीप सिंह, सहायक आयुक्त प्रगति सेठी, एसडीएम लोपोके मनबीर सिंह ढिल्लों सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।