CSR फंड से विकसित परियोजना राज्य को समर्पित, CM मान ने उद्योग जगत से शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास में योगदान बढ़ाने की अपील की; कहा—सरकार और उद्योगों की साझेदारी से बनेगा बेहतर भविष्य।
लुधियाना (नवीन गोगना) : कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए वर्धमान टेक्सटाइल समूह ने सरकारी प्राथमिक स्कूल, लोहारा में ₹5 करोड़ की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ‘वर्धमान ब्लॉक’ राज्य को समर्पित किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ब्लॉक का उद्घाटन करते हुए इसे उद्योग जगत की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के सतत विकास की सबसे मजबूत नींव है और निजी उद्योगों की CSR भागीदारी सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्धमान समूह केवल लोहारा ही नहीं, बल्कि ग्यासपुरा, कासाबाद, लाडोवाल, सेखेवाल सहित कई सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे के विकास में भी योगदान दे चुका है।
नए ब्लॉक में विद्यार्थियों के लिए 18 आधुनिक कक्षाएं, गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर तथा शिक्षकों के लिए तीन अलग कमरे बनाए गए हैं। यह परियोजना विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा के आधुनिकीकरण पर लगातार निवेश कर रही है, वहीं उद्योगों की CSR पहल इस अभियान को और गति दे रही है। उन्होंने अन्य कॉर्पोरेट संस्थानों से भी शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सामाजिक दायित्व निभाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार और उद्योग जगत की साझेदारी से ही भविष्य की सक्षम और शिक्षित पीढ़ी तैयार की जा सकती है।