श्री साईं बाबा सेवा समिति ने अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड चेयरमैन जुगल किशोर गोयल को दिया कार्यक्रम का निमंत्रण; उन्होंने कहा—ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं।
लुधियाना (नवीन गोगना) : श्री साईं बाबा सेवा समिति एवं श्री साईं कृपा महिला मंडल द्वारा आयोजित 14वें श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव 2026 के अंतर्गत होने वाली विशाल साईं भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का निमंत्रण अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड, हल्का नॉर्थ के चेयरमैन जुगल किशोर गोयल को भावपूर्वक भेंट किया गया।समिति के पदाधिकारियों ने जुगल किशोर गोयल को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में काकड़ आरती, मंगल स्नान एवं श्री साईं अमृतवाणी पाठ का आयोजन होगा।
30 जुलाई को श्री साईं पालकी एवं रथ यात्रा निकाली जाएगी तथा 1 अगस्त को शाम 7 बजे से बेनसन ग्रैंड, जालंधर बाईपास, लुधियाना में भव्य विशाल साईं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
इस अवसर पर जुगल किशोर गोयल ने समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म लोगों को जोड़ने का संदेश देता है और इस प्रकार के कार्यक्रम आपसी भेदभाव, वैमनस्य और दूरियों को समाप्त कर समाज में सद्भाव एवं सौहार्द का वातावरण बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे पावन पर्व पर आयोजित कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।