वैश्विक कंपनियों से होंगी वन-टू-वन बैठकें, नए निवेश, रोजगार और निर्यात बढ़ाने पर रहेगा फोकस
भोपाल (Naren Danu) : मध्य प्रदेश सरकार टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योग में बड़े निवेश आकर्षित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सक्रिय पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत टेक्स-2026 में हिस्सा लेकर देश-विदेश के प्रमुख निवेशकों, वैश्विक ब्रांडों और उद्योग प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य में नए औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और निर्यात बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बैठकों और समझौतों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार, भारत टेक्स-2026 में मध्य प्रदेश का विशेष पवेलियन लगाया जाएगा, जहां राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास कार्यक्रमों, पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य मध्य प्रदेश को टेक्सटाइल उद्योग के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की देश-विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल और गारमेंट कंपनियों के साथ वन-टू-वन बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार, तकनीकी सहयोग, निर्यात वृद्धि और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
राज्य सरकार निवेश संवर्धन और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर करेगी। साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां जनवरी 2027 में मध्य प्रदेश में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने और राज्य में निवेश करने में रुचि दिखाएंगी।
भारत टेक्स-2026 के दौरान आयोजित विशेष राउंड टेबल बैठक भी मध्य प्रदेश के लिए अहम मानी जा रही है। इसमें टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धा, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, कौशल विकास और निवेश संबंधी सुझावों पर चर्चा होगी। इन सुझावों के आधार पर राज्य सरकार टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार के लिए नई रणनीति तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री निवेशकों के समक्ष यह भी रखेंगे कि मध्य प्रदेश देश का सबसे बड़ा ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य है और यहां कपास उत्पादन से लेकर स्पिनिंग, वीविंग, निटिंग, डाइंग, फिनिशिंग और गारमेंट निर्माण तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन उपलब्ध है। धार जिले में लगभग 2,158 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क भी निवेशकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगा।
राज्य सरकार टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योग के लिए उपलब्ध पूंजी निवेश प्रोत्साहन, ब्याज अनुदान, बिजली शुल्क प्रतिपूर्ति, भूमि रियायतों और अन्य औद्योगिक सुविधाओं की जानकारी भी निवेशकों को देगी। सरकार का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से नए निवेश आकर्षित कर रोजगार के अवसर बढ़ाना, निर्यात को गति देना और मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी टेक्सटाइल निवेश गंतव्यों में और अधिक मजबूत बनाना है।