राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता, नेशनल असेंबली को संबोधित करने के साथ भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक साझेदारी, समुद्री सुरक्षा सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी यह यात्रा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर कर रहे हैं। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2015 में सेशेल्स की यात्रा कर चुके हैं।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता भारत-सेशेल्स संबंधों के विभिन्न आयामों की समीक्षा करेंगे तथा समुद्री सहयोग, विकास साझेदारी और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह वहां रह रहे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें संबोधित करेंगे। यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की 'पड़ोसी प्रथम' और 'महासागर (MAHASAGAR)' दृष्टि के अनुरूप दोनों देशों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।