भाजपा के संगठनात्मक मॉडल, मोदी सरकार की उपलब्धियों और भारत-ईयू सहयोग को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारतीय जनता पार्टी के ‘भाजपा को जानो’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में यूरोपीय संघ (ईयू) के 23 सदस्य देशों के मिशन प्रमुखों तथा भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत के साथ संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रतिनिधिमंडल से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा के विदेश मामलों के प्रभारी विजय चौथाईवाला और सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे।
संवाद के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि बैठक में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मजबूत संगठनात्मक ढांचे और जनसेवा के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में हुए परिवर्तनकारी विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
नितिन नवीन ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों पक्षों की साझेदारी को एक नए दौर में ले जाएगा। बैठक में भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को और अधिक मजबूत करने तथा भविष्य में सहयोग के नए अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया गया।