जयपुर मेट्रो फेज-2 समेत कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे
जयपुर (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जुलाई को राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा पहुंचेंगे, जहां वे एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) की बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देंगे।
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्राप्त करना किसी भी युवा के जीवन का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और आमजन को वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा जाए, ताकि पूरे प्रदेश की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
विकास और रोजगार का उत्सव बनेगा आयोजन
भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल उद्घाटन समारोह नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और जनभागीदारी का उत्सव होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा निगरानी तंत्र को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी प्रबंधन को कार्यक्रम के अवसर पर व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। साथ ही प्रदेशभर में ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने रिफाइनरी में कार्यरत श्रमिकों की कार्यक्रम में सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना की सफलता में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
अप्रैल में स्थगित हो गया था उद्घाटन कार्यक्रम
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे। हालांकि उद्घाटन से एक दिन पहले 20 अप्रैल को रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) क्षेत्र के निकट आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।
घटना के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जांच के आदेश दिए थे। अब उत्पादन गतिविधियां सामान्य होने के बाद प्रधानमंत्री का दौरा पुनर्निर्धारित कर 4 जुलाई को प्रस्तावित किया गया है।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचआरआरएल के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं एचपीसीएल और प्रदेश के विभिन्न जिलों के संभागीय आयुक्त, आईजी एवं जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।