अजीत झा.
चंडीगढ़ 03 Feb |
विदेश भेजने के नाम पर युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चैतन्य करियर कंसल्टेंट से जुड़े एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक 20 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।
पीड़ित पारस नामक युवक विदेश जाने की तैयारी के तहत चैतन्य करियर कंसल्टेंट में आईल्ट्स की कक्षाएं ले रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान संस्थान से जुड़े अभिनव डोगरा से हुई। बातचीत के दौरान अभिनव डोगरा ने अपने पार्टनर गुलशन त्यागी और सिमरनजीत बल के साथ मिलकर विदेश भेजने का भरोसा दिया।
पीड़ित के अनुसार, उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में बुलाया गया, जहां आरोपियों ने विदेश भेजने के बदले 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। झांसे में आकर पीड़ित ने पूरी रकम आरोपियों को सौंप दी। इसके बाद आरोपी लगातार “आज-कल” कहकर टालमटोल करते रहे और विदेश भेजने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की।
लंबे समय तक इंतजार के बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने थाना सेक्टर-17, चंडीगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर नंबर 0160 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई में पहले ही मुख्य आरोपी गुलशन त्यागी को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, अब पुलिस ने मोहाली से दूसरे आरोपी अभिनव डोगरा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तीसरे आरोपी सिमरनजीत बल की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस गिरोह ने अन्य युवकों के साथ भी इसी तरह की ठगी तो नहीं की।