लुधियाना/यूटर्न/2 फरवरी। लुधियाना के ढोका मोहल्ला में बुड्ढे नाले का गंदा पानी भरने से परेशान स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम जोन-डी कार्यालय के बाहर धरना दिया और कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस पार्षद अरुण शर्मा ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेंद्र डाबर, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर श्याम सुंदर मल्होत्रा, पार्षद पति इंद्रजीत इंदी, ब्लॉक प्रधान विपन अरोड़ा, सुशील लक्की, मंगतराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे। पार्षद अरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से ढोका मोहल्ले में बुड्ढे नाले का दूषित पानी भरने की समस्या बनी हुई है। हर वर्ष बरसात के दिनों में नाला ओवरफ्लो हो जाता है, जिससे गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे जहां लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, वहीं बच्चे और बुजुर्ग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
घरों में घुस रहा गंदा पानी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बीते करीब 10 दिनों से रोजाना नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और सड़कों में फैल रहा है। इससे आवाजाही बाधित हो रही है और कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो चुका है। अरुण शर्मा ने कहा कि वह इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार नगर निगम कमिश्नर, मेयर और संबंधित अधिकारियों से मिल चुके हैं तथा लिखित शिकायतें भी दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। मजबूर होकर लोगों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा। धरना स्थल पर पार्षद ने साफ चेतावनी दी कि जब तक नगर निगम कमिश्नर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा नहीं लेंगी और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
----