केंद्र से बकाया फंड जारी करने और विशेष पैकेज देने की अपील
चंडीगढ़, 31 जनवरी :
पंजाब विधानसभा के स्पीकर सरदार कुलतार सिंह संधवां ने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पंजाब से जुड़े प्रमुख मुद्दों को तुरंत हल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कभी देश का अन्नदाता रहा पंजाब आज केंद्रीय फंड न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और निवेश व नीतिगत सहयोग के मामले में उपेक्षित हो रहा है।
संधवां ने कहा कि केंद्रीय करों में हिस्सेदारी घटने से पंजाब की वित्तीय स्वायत्तता प्रभावित हुई है, जो सच्चे संघवाद की भावना के विपरीत है। उन्होंने राज्य में गहराते जल संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि नदी जल के अनुचित बंटवारे और हेडवर्क्स पर नियंत्रण न होने से भूजल स्तर खतरनाक स्तर तक गिर गया है, जिससे कृषि को खतरा पैदा हो रहा है।
स्पीकर ने प्रधानमंत्री से चंडीगढ़ और अमृतसर एयरपोर्ट से घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने, किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने, चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने, बकाया ग्रामीण विकास फंड (RDF) जारी करने और पंजाब के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज घोषित करने की मांग की।
उन्होंने सजा पूरी कर चुके बंदियों की रिहाई और मोगा–कोटकपूरा रेलवे लाइन को मंजूरी देने की भी अपील की। संधवां ने कहा कि केंद्र के त्वरित हस्तक्षेप से ही पंजाब को उसका हक और विकास की नई दिशा मिल सकती है।