भाजपा नेता एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू की अगुवाई में वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। फिरोजपुर रोड स्थित होटल ली-बैरन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी और सह प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलिएवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। देशभक्ति सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जोश से भर दिया।
लुधियाना : भाजपा नेता एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू की अगुवाई में वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। फिरोजपुर रोड स्थित होटल ली-बैरन में आयोजित समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया, जबकि समाज और राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव रजनीश धीमान, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी और सह प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलिएवाल सहित कई पदाधिकारी विशेष रूप से पहुंचे। राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महान योद्धाओं को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का दिन है। उन्होंने पंजाब के विकास के लिए भाजपा को मजबूत विकल्प बताया। समारोह में पूर्व IAS एमएस छतवाल, पूर्व PCS जोगिंदर सिंह, स्वामी आनंद अत्री, डॉ. निर्मल नैयर, नवल जैन सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।