पीरमुच्छल्ला को पंचकूला से जोड़ने वाले मार्ग पर रविवार दोपहर सेक्टर-20 पुल के पास कार और पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार दो युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को खाई से बाहर निकाला और सेक्टर-26 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया।
जीरकपुर : रविवार दोपहर पीरमुच्छल्ला को पंचकूला से जोड़ने वाले मार्ग पर सेक्टर-20 पुल के पास कार और पिकअप की टक्कर में कार सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।
पिकअप चालक रोहित शर्मा ने बताया कि वह अपनी पिकअप लेकर सेक्टर-26 की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार उसकी पिकअप से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। पिकअप चालक ने कार सवार दोनों युवकों के नाबालिग होने की बात कही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी उनकी उम्र की पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर सेक्टर-26 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ड्यूटी अधिकारी रमणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिल गई है। दोनों युवक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनके बयान दर्ज करने के बाद हादसे के कारणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर यह भी पता लगाएगी कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।