बलटाना के वार्ड नंबर-5 स्थित गोल्डन एस्टेट मार्केट में पिछले एक सप्ताह से सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण दुकानदारों और स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है। सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर फैलने से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बदबू और गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। दुकानदार नदीम ने बताया कि ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
जीरकपुर : बलटाना के वार्ड नंबर-5 स्थित गोल्डन एस्टेट की मार्केट में पिछले एक सप्ताह से सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर फैलने से दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर परिषद की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय निवासी गोबिंद, नरेश कुमार, ननके, नदीम, नवरंग, शंभू दयाल, जोनी और कमलेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। चारों तरफ गंदगी और बदबू से आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं। उन्होंने गंदे पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका भी जताई।
दुकानदार नदीम ने बताया कि वह मार्केट में हेयर ड्रेसर की दुकान चलाते हैं, लेकिन पिछले एक सप्ताह से गंदा पानी जमा होने के कारण ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच रहे। ग्राहकों के आने-जाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइलें रखकर अस्थायी रास्ता बनाया गया था, लेकिन उस पर दो-तीन लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बाद लोगों ने मार्केट में आना कम कर दिया है, जिससे कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि शहर में मूलभूत सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद कई इलाकों में सीवरेज जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
सोमवार को टीम भेजकर करवाएंगे जांच : जेई
“शिकायत की जांच करवा लेता हूं। सोमवार को टीम भेजकर मौके की जांच करवाई जाएगी। सीवरेज के ढक्कन सहित जो भी समस्या है, उसे दुरुस्त करवा दिया जाएगा।”
— सवनीत सिंह, जेई, नगर परिषद जीरकपुर