बलटाना के हरमिलाप नगर-2 में रविवार को ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान उस लाइन में अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिस पर कर्मचारी काम कर रहे थे। करंट आते ही तारों में तेज स्पार्किंग हुई और जोरदार धमाका हो गया। ट्रांसफार्मर के फ्यूज भी उड़ गए। कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना देकर सप्लाई बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ठेकेदार के कर्मचारियों के अनुसार दूसरे क्षेत्र की शिकायत के बाद गलती से काम वाली लाइन में भी सप्लाई चालू हो गई थी। एसडीओ प्रदीप कुमार ने घटना की जानकारी न होने की बात कहते हुए जांच करवाने की बात कही।
जीरकपुर : बलटाना के हरमिलाप नगर-2 में रविवार को ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान अचानक संबंधित लाइन में बिजली सप्लाई चालू होने से जोरदार धमाका हो गया। तारों में स्पार्किंग हुई और ट्रांसफार्मर के फ्यूज भी उड़ गए। मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना देकर सप्लाई बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बिजली सप्लाई से जुड़ी समस्या दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था। विभागीय मंजूरी के बाद कर्मचारी लाइन की सप्लाई बंद कर काम कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे क्षेत्र में बिजली बाधित होने की शिकायत मिलने पर एक लाइन की सप्लाई चालू की गई। आरोप है कि इस प्रक्रिया में उस लाइन में भी करंट आ गया, जिस पर कर्मचारी काम कर रहे थे।
अचानक बिजली आने से तारों में तेज स्पार्किंग हुई और धमाका हुआ। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर सप्लाई बंद करवाई और स्थिति सामान्य होने के बाद काम दोबारा शुरू किया।
मौके पर मौजूद ठेकेदार के कर्मचारियों ने बताया कि दूसरे क्षेत्र में बिजली न आने की शिकायत के बाद गलती से काम वाली लाइन की सप्लाई चालू हो गई थी। समय रहते बिजली बंद करवाने से किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई।
बिजली विभाग के एसडीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की फिलहाल जानकारी नहीं है, लेकिन मामले की जांच करवाई जाएगी।