चंडीगढ़ 28 Jan । कांग्रेस पार्टी ने सामाजिक न्याय और समावेशी प्रतिनिधित्व की दिशा में एक अहम और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पार्टी ने SC, ST, OBC एवं अल्पसंख्यक विभागों के प्रदेश चेयरमैन को आधिकारिक रूप से प्रदेश इलेक्शन कमेटी (PEC) में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल करने का फैसला किया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा औपचारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
कांग्रेस के इस निर्णय से चुनावी रणनीति, उम्मीदवार चयन और नीति निर्धारण की प्रक्रिया में वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों की सीधी और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होगी। साथ ही, जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याएं पार्टी नेतृत्व तक मजबूती से पहुंच सकेंगी।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने कहा कि यह निर्णय कांग्रेस पार्टी की समावेशी सोच और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि पिछली मुलाकात के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिया गया आश्वासन अब औपचारिक नोटिफिकेशन के रूप में साकार हुआ है।
आसिफ चौधरी ने कहा कि SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक विभागों को PEC में प्रतिनिधित्व मिलने से आने वाले चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी और सभी वर्गों की आवाज़ निर्णायक मंच तक प्रभावी रूप से पहुंचेगी।