ताले तोड़कर चोर ले उड़े टीवी, सिलेंडर सहित कीमती सामान
ज़ीरकपुर 28 Jan : एयरोसिटी के जी-ब्लॉक में एक वकील के बंद मकान में अज्ञात चोरों द्वारा जबरन सेंधमारी कर चोरी की गंभीर वारदात सामने आई है। पीड़ित अनिल मल्होत्रा, जो पेशे से वकील हैं और जी-ब्लॉक एयरोसिटी, मोहाली के निवासी हैं, ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार मकान लंबे समय से बंद था। 23 जनवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों ने मकान का मुख्य गेट और घर के ताले तोड़कर जबरन प्रवेश किया। चोर घर से सैनिटरी फिटिंग, गैस सिलेंडर, टीवी, म्यूजिक सिस्टम सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर के घरेलू सामान को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया।
24 जनवरी 2026 को दोपहर करीब एक बजे पड़ोसी हरमन सिंह ने मकान का गेट खुला होने की सूचना दी, जिसके बाद अनिल मल्होत्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गेट की कुंडी और ताले काटे गए थे और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। रसोई में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। शिकायत में बताया गया कि गैस सिलेंडर गायब था, बर्नर हटाए गए थे तथा रसोई और बाथरूम की पीतल की फिटिंग, नल और अन्य उपकरण जबरन उखाड़ लिए गए।
आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने खराब मौसम का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। आरडब्ल्यूए जी-ब्लॉक एसोसिएशन द्वारा पूछताछ और प्रयासों के बावजूद अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से कॉलोनी में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरोह की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए, ताकि कॉलोनीवासियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।