चंडीगढ़, 27 जनवरी:
विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के गार्ड कुलदीप सिंह और दिहाड़ीदार दर्शन सिंह मेठ को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। दोनों आरोपी वन रेंज कार्यालय नकोदर, जिला जालंधर में तैनात थे।
विजिलेंस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी गांव संघोवाल, सब-तहसील महितपुर, जिला जालंधर के एक निवासी की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता मजदूरी करता है और घरेलू उपयोग के लिए महितपुर–जगराओं सड़क के किनारे लगे पेड़ों से लकड़ी के छोटे टुकड़े इकट्ठा कर रहा था।
इसी दौरान आरोपी कुलदीप सिंह और दर्शन सिंह मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता को धमकाया कि उसके खिलाफ सरकारी लकड़ी चोरी का मामला दर्ज किया जाएगा और उसका मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया जाएगा। बाद में दोनों ने मामले को दबाने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।