शहादत सभा को लेकर फतेहगढ़ साहिब में कड़े सुरक्षा इंतज़ाम, 3400 पुलिसकर्मी तैनात
चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब, 23 दिसंबर — शहीदी सभा के मद्देनज़र पंजाब पुलिस द्वारा फतेहगढ़ साहिब में व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध किए गए हैं। स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने आज फतेहगढ़ साहिब का दौरा कर तैयारियों का जायज़ा लिया। यह तीन दिवसीय शहीदी सभा 25 से 27 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगी, जो गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को समर्पित है।
स्पेशल डीजीपी ने बताया कि पूरे क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटा गया है और छह एसपी व 24 डीएसपी रैंक अधिकारियों की निगरानी में 3400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 22 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां से गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब तक शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। ट्रैफिक और पार्किंग की निगरानी ड्रोन के माध्यम से की जा रही है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है ताकि शहीदी सभा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।