पंजाब की राजनीति अक्सर सिर्फ़ घोषणापत्रों और कामकाज पर ही नहीं, बल्कि उन पलों पर भी टिकी रही है जो लोगों की सामूहिक भावनाओं को जगाते हैं। 'सतलुज' फ़िल्म का रिलीज़ होना भी ऐसा ही एक पल बन सकता है। हो सकता है कि यह अकेले राज्य का राजनीतिक नक्शा न बदल पाए, लेकिन 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले यह 'पंथिक' राजनीति को नई रफ़्तार दे सकती है, खासकर माझा क्षेत्र के ज़िलों जैसे तरनतारन, अमृतसर और गुरदासपुर में। पंजाब ने ऐसा पहले भी देखा है। 2022 में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या सिर्फ़ कानून-व्यवस्था से जुड़ी त्रासदी नहीं थी; यह एक राजनीतिक प्रतीक बन गई थी। उनकी हत्या पर लोगों का गुस्सा और उनकी सुरक्षा वापस लेने से जुड़ा विवाद एक ऐसा भावनात्मक माहौल बना गया, जिसका फ़ायदा संगरूर लोकसभा उपचुनाव में सिमरनजीत सिंह मान को मिला।
'सतलुज' में भी लोगों की बातचीत और सोच में इसी तरह का बदलाव लाने की क्षमता है, भले ही वह उतना नाटकीय न हो। यह फ़िल्म पंजाब के इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय को फिर से सामने लाती है जो आज भी लोगों में गहरी भावनाएं जगाता है, खासकर उन इलाकों में जहाँ उग्रवाद के दौर की यादें लोगों के दिलों में गहराई से बसी हैं। 'वारिस पंजाब दे' जैसे संगठनों के लिए ऐसे पल सिख पहचान, ऐतिहासिक शिकायतों और पंजाब व केंद्र के रिश्तों पर बहस को फिर से शुरू करने का मौका देते हैं। उन्हें अपनी विचारधारा के लिए व्यापक समर्थन की ज़रूरत नहीं होती; उन्हें बस इतना चाहिए होता है कि ये मुद्दे लोगों की बातचीत में छाए रहें।
शिरोमणि अकाली दल को भी इससे कुछ फ़ायदा हो सकता है। पिछले एक दशक में अपना पारंपरिक पंथिक समर्थन आधार लगातार खोने के बाद, पार्टी मतदाताओं को ज़्यादा कट्टरपंथी आवाज़ों की ओर जाने से रोकने के लिए धार्मिक और पहचान-आधारित नैरेटिव को फिर से मज़बूत कर सकती है। यह एक ऐसी राजनीतिक जगह है जिस पर कभी अकाली दल का दबदबा था, लेकिन 2015 में बेअदबी की घटनाओं से अकाली दल को ज़बरदस्त झटका लगने के बाद अब उन्हें इसे नए संगठनों के साथ असहज स्थिति में साझा करना पड़ता है।
फिर भी, इस तरह की राजनीति की भी अपनी सीमाएँ हैं। पंजाब के मतदाताओं ने हमेशा भावनात्मक जुड़ाव और चुनावी समर्थन को अलग-अलग रखा है। वे 'सतलुज' देख सकते हैं, इसके संदेश पर बहस कर सकते हैं और इतिहास के इसके चित्रण से सहानुभूति भी रख सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे अलगाववादी या चरमपंथी राजनीति का समर्थन करने लगेंगे। वही मतदाता जो इतिहास से प्रभावित होता है, वह ड्रग्स से आज़ादी, बेहतर स्कूल, रोज़गार के अवसर और एक ज़िम्मेदार सरकार भी चाहता है। 'सतलुज' फिल्म के 2027 के चुनावी नतीजों के बजाय, चुनाव प्रचार के माहौल पर असर डालने की ज़्यादा संभावना है। यह हाशिए पर मौजूद संगठनों को एक नई कहानी देकर मज़बूत कर सकती है और मुख्यधारा की पार्टियों को अपने 'पंथिक' संदेशों को नए सिरे से तय करने के लिए मजबूर कर सकती है। लेकिन जब तक चुनावी एजेंडे से गवर्नेंस (शासन-प्रशासन) के मुद्दे गायब नहीं हो जाते, तब तक इस बात की संभावना कम है कि यह फिल्म उन संगठनों को वह दिला पाएगी जो वे असल में चाहते हैं। पंजाब में भावनाएं बहस की दिशा तय कर सकती हैं, लेकिन चुनाव आमतौर पर वे ही जीतते हैं जो वोटरों को यह भरोसा दिला पाते हैं कि वे भविष्य को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं, न कि सिर्फ़ अतीत की नई व्याख्या कर सकते हैं।
---