लुधियाना/यूटर्न/11 जुलाई। लुधियाना सेंट्रल जेल में एक हवालाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्शदीप सिंह (19) के रुप में हुई है। उसकी मां ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बेटे की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि जेल अधिकारियों की लापरवाही और अनदेखी के कारण हुई है। पटियाला के सुलर घराट (झुंगोपत्ती) निवासी सरबजीत कौर का बेटा अर्शदीप लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था। अर्शदीप के खिलाफ इसी साल 22 मार्च को थाना दाखा में मामला दर्ज हुआ था। इसी मामले में वह न्यायिक हिरासत के तहत लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था। मृतक की मां सरबजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 3 जुलाई को जेल में अर्शदीप की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने उसे लुधियाना के सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई। इसके बाद 4 जुलाई को इलाका मजिस्ट्रेट/जज की निगरानी में अर्शदीप के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
----