लुधियाना/यूटर्न/11 जुलाई। अबोहर के गांव नरैणपुरा में प्रेम प्रसंग के विवाद के बाद युवक ने शकी हालातों में आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान 23 वर्षीय अक्षय कुमार के रुप में हुई है। सूचना मिलने पर बहाववाला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने युवती मुस्कान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के पिता विजयपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा अक्षय कुमार गांव सुखचैन निवासी मुस्कान से विवाह करना चाहता था। मुस्कान अक्सर अक्षय की लाइब्रेरी में पढ़ने आती थी, जिससे दोनों की जान-पहचान कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई थी। परिवार के अनुसार, अक्षय इस रिश्ते को शादी तक ले जाना चाहता था।
बेटा मानसिक रूप से परेशान था
पिता ने बताया कि युवती द्वारा विवाह से इनकार किए जाने के बाद अक्षय मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों के अनुसार, 6-7 जुलाई की अल सुबह अक्षय ने बठिंडा के पास नहर में कूदकर कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
----