पंजाब/यूटर्न/11 जुलाई। बटाला में रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अमृतसर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उसके शरीर में कई गोलियां लगी थीं। मृतक की पहचान मनपिंदर सिंह उर्फ मन्ना (35) के रूप में हुई है। वह गांव सीदा का रहने वाला था। शुक्रवार देर शाम रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज होने लगी। गांव के ही एक युवक ने मन्ना पर पिस्तौल तान दी और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर गया।
नाजुक हालत के चलते किया था अमृतसर रेफर
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोलीबारी की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने मनपिंदर को खून से लथपथ हालत में तुरंत बटाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत और शरीर में लगी कई गोलियों को देखते हुए उसे अमृतसर के एक उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच रंजिश की बात सामने आई है।
---