जीरकपुर 23 Jan : पुलिस थाना जीरकपुर क्षेत्र के गुरदेव नगर, पभात में कंपनी के वाहन से बैटरियों की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पवन निवासी गुरदेव नगर, पभात ने पुलिस को शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता पवन ने पुलिस को बताया कि वह अत्तार लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड में चालक के रूप में कार्यरत है। कंपनी के महिंद्रा पिकअप वाहन (मॉडल 2018) से 18 और 19 जनवरी की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने करीब 37 एक्साइड बैटरियां चोरी कर लीं।
पवन के अनुसार चोरी किया गया सामान कंपनी का है, जिसके बिल और इनवॉइस उपलब्ध हैं। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति और एक ऑटो चालक बैटरियां निकालकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।