अपराध शाखा की अलग-अलग कार्रवाई, शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज; हथियारों के स्रोत और मकसद की जांच जारी
यमुनानगर (Narendra Singh Danu) : यमुनानगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से दो देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि साढ़ौरा क्षेत्र में नकटी नदी के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अंबाला निवासी हर्षित के रूप में हुई।
वहीं, अपराध शाखा-1 की टीम ने पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए शादीपुर निवासी मुकर्रम को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था या नहीं। मामले की जांच जारी है।