जिम संचालक कपिल हत्याकांड के आरोपी प्रवेश और हिमांशु मारे गए, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा STF की संयुक्त कार्रवाई
बहादुरगढ़/नई दिल्ली (Narendra Singh Danu): हरियाणा के बहादुरगढ़ में सुबह दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस बिश्नोई-हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित गैंग के दो इनामी शूटर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। मृतकों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और वे हाल ही में हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या के मुख्य आरोपियों में शामिल थे।
मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सेल का एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मियों की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
खुफिया सूचना पर बिछाया जाल
हरियाणा STF के एसपी विक्रांत भूषण के अनुसार, दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हरियाणा में छिपे हुए हैं। इसके बाद दोनों एजेंसियों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
पुलिस टीम जैसे ही दोनों आरोपियों के करीब पहुंची, उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कपिल हत्याकांड में थे वांछित
जांच एजेंसियों के मुताबिक, प्रवेश और हिमांशु पिछले महीने हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। दोनों लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जाते हैं और कई अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित थे।
पुलिस पर हमले का नया केस दर्ज
मुठभेड़ के बाद हरियाणा पुलिस, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बहादुरगढ़ सदर थाना में पुलिस पर हमला, हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।