आईटी कंपनी के क्रेच में नैनी पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप; दो सप्ताह में मांगी विस्तृत रिपोर्ट
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित एक आईटी कंपनी के क्रेच में छोटे बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने कर्नाटक के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मामला तब सामने आया जब चाइल्ड हेल्पलाइन के एक अधिकारी को क्रेच के भीतर बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के वीडियो मिले। यह क्रेच उन कर्मचारियों के बच्चों के लिए संचालित किया जाता है, जो ड्यूटी के दौरान अपने बच्चों को वहां छोड़ते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में नैनी पर छोटे बच्चों के साथ बेहद क्रूर व्यवहार करने के आरोप हैं। इनमें बच्चों को कथित तौर पर वॉशिंग मशीन में डालना, उनके मुंह पर टॉयलेट जेट स्प्रे से पानी डालना और उन्हें चुप कराने के लिए टॉयलेट में बंद करना जैसी घटनाएं दिखाई देने का दावा किया गया है।
एनएचआरसी ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्टों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह बच्चों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। आयोग ने राज्य सरकार से मामले की जांच और उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी मांगी है।