कामजोंग जिले में 20 से अधिक घर जलाए जाने की घटना पर जताई चिंता; कहा- मणिपुर को शांति और एकजुटता की जरूरत
नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मणिपुर में हुई ताजा हिंसा को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य लंबे समय से हिंसा की चपेट में है, लेकिन अब तक हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। राष्ट्रपति शासन लागू होने के बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़कने से 20 से अधिक घर जलकर राख हो गए। उन्होंने कहा कि हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और अनगिनत परिवार उजड़ चुके हैं। मणिपुर की पीड़ा की कल्पना करना भी कठिन है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह स्थिति केंद्र सरकार की विभाजनकारी राजनीति का परिणाम है, जो लोगों को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और पहचान के आधार पर बांटती है। उन्होंने कहा कि आज मणिपुर ही नहीं, बल्कि पूरा देश संवेदनशील नेतृत्व की उम्मीद खोता जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर बेहतर भविष्य का हकदार है और इसके लिए समाज को जोड़ने वाली राजनीति की जरूरत है। उन्होंने देश को एकजुट रखने और विभाजनकारी सोच से ऊपर उठने का आह्वान किया।
क्या है मामला?
बुधवार को मणिपुर के कामजोंग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट नागा और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों के दौरान 20 से अधिक घरों में आग लगा दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।