डेराबस्सी 22 Jan : नजदीकी गांव खेड़ी गुज्जरां में घर में घुसकर हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक दर्जन के करीब लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में गांव खेड़ी गुज्जरां निवासी हरदीप कुमार पुत्र राम करन ने बताया कि वह दूध सप्लाई का काम करता है। 20 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही मनीष कुमार और गुरमीत सिंह उसके घर आए। गेट खुलते ही दोनों घर के अंदर दाखिल हो गए और हरदीप को बाहर बुलाने लगे।
हरदीप और उसका चाचा का लड़का गुरजंट सिंह कमरे से बाहर आए तो आरोपियों ने, जो नशे में थे, उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि गीत गुज्जर ने हरदीप की मां को धक्का दे दिया। जब गुरजंट सिंह बीच-बचाव करने आया तो गीत गुज्जर ने तलवार से उसके सिर पर वार किया। गुरजंट ने हाथ आगे कर वार से बचाव किया, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने दोनों की जमकर पिटाई की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल डेराबस्सी लेकर पहुंचे। वहीं हरदीप ने बताया कि उसका चाचा का बेटा गुरदीप सिंह पुत्र भाग सिंह मोटरसाइकिल पर घर से खाना लेकर अस्पताल आ रहा था। इस दौरान आरोपियों ने माहीवाला के पास सर्विस स्टेशन के नजदीक उसे घेर लिया और उसकी भी मारपीट कर दी। गुरदीप सिंह को भी इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हरदीप कुमार के बयान के आधार पर मनी कुमार उर्फ बिट्टू, गुरमीत सिंह उर्फ गीत गुज्जर, बिट्टू निवासी खेड़ी गुज्जरां, सोनी निवासी सनेटा सहित 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।