बिजली संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, गढ़शंकर में धरना
होशियारपुर (दलजीत अजनोहा) : गढ़शंकर ब्लॉक में बिजली के लंबे लंबे कटों के विरोध में किसानों द्वारा शेर-ए-पंजाब किसान यूनियन और किरती किसान यूनियन के नेतृत्व में बिजली दफ्तर गढ़शंकर के परिसर में विशाल रोष धरना दिया गया। इस दौरान किसानों ने बिजली बोर्ड और पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मांग की कि उन्हें 24 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए।
धरने को संबोधित करते हुए शेर-ए-पंजाब किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जसवंत सिंह भट्ठल और किरती किसान यूनियन के जिला सचिव कुलविंदर सिंह चाहल ने कहा कि इस समय धान की रोपाई पूरे जोरों पर है और काफी धान लगाया जा चुका है, लेकिन पिछले कई दिनों से बिजली के लंबे लंबे कट लह रहे है। कुछ गांवों में केवल दो-तीन घंटे ही बिजली आ रही है, जिसके कारण किसान डीजल जलाने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही बिजली की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जोरदार संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे। बिजली बोर्ड के स्थानीय एक्सियन ने धरने में पहुंचकर जल्द ही निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।
आज के धरने को विभिन्न किसान नेताओं रामजीत सिंह देनोवाल कला, गुरदीप सिंह चाहलपुर, बहादर सिंह खानपुर, सुखविंदर सिंह मोला वाहिदपुर, हरबंस सिंह रसूलपुर, वरिंदर सिंह मट्टू, दविंदर सिंह गोगो, समशेर सिंह चक्क सिंघा, जुझार सिंह कितना, कमलजीत सिंह, अमन सरपंच, अमरजीत सिंह, हरदीप सिंह गढ़ी, साबा लल्लियां, गुरदीप सिंह ढिल्लों तथा कर्मचारी नेता मुकेश कुमार, बलवीर सिंह खानपुरी, सत्तपाल कलेर और तर्कशील नेता जोगिन्दर सिंह, कुलेवाल ने भी संबोधित किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी परमजीत सिंह बब्बर ने निभाते हुए स्पष्ट कहा की बिजली सप्लाई सुचारु नहीं की गई तो हम सभी लंबे संघर्ष के लिए भी तैयार है । जसिके बाद धरने में मौजूद किसानों ने फैसला किया कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति ठीक नहीं हुई तो गढ़शंकर शहर में चक्का जाम किया जाएगा।