लुधियाना/यूटर्न/30 जून। मानसून को देखते हुए नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने बुड्ढा दरिया और शहर के आंतरिक ड्रेनों की नियमित डी-सिल्टिंग के आदेश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान पानी का निकास सुचारू बना रहे। नगर निगम की ओर से बाड़ेवाल ड्रेन, ढोक्का मोहल्ला ड्रेन, दोमोरिया ब्रिज ड्रेन समेत अन्य प्रमुख ड्रेनों की सफाई कराई जा रही है। खुले ड्रेनों की सफाई पोकलेन मशीनों और ढके हुए ड्रेनों की सफाई सुपर सक्शन मशीनों से की जा रही है। कमिश्नर अनुसार जलभराव रोकने के लिए रोड गलियों और मुख्य सीवर लाइनों की सफाई भी जारी है। सभी जोनल अधिकारियों को निचले इलाकों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान निगम की टीमें लगातार मैदान में तैनात रहेंगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रात में हटाई जा रही दरिया की गाद
कमिश्नर अनुसार निगम की ओर से बुड्ढा दरिया से निकाली गई गाद को हटाने के लिए रात के समय विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जबकि दरिया के किनारों को मजबूत करने का कार्य भी तेज़ी से जारी है। ताकि आने वाले दिनों में यह समस्या न बन सके।
----