नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत भेजा
पंचकूला : पंचकूला पुलिस ने महिला सुरक्षा और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक त्वरित कार्रवाई में 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज स्थानीय अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोरी पंचकूला क्षेत्र की निवासी है। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके परिवार का एक परिचित युवक 20 जनवरी को उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में ले गया और वहां उसके साथ गलत काम (दुष्कर्म) किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई सुनीता ने तुरंत जांच शुरू की और 21 जनवरी को आरोपी को धर दबोचा। पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उसकी उचित काउंसलिंग करवाई जा रही है।
पिंजौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानून के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट की धारा 6 (और भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 96, 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डीसीपी पंचकूला, सृष्टि गुप्ता ने समाज और अभिभावकों को सचेत रहने की अपील की है। उन्होंने कहा:
"समाज में इस प्रकार के जघन्य अपराधों को रोकने के लिए अभिभावकों और बच्चों का सतर्क रहना बेहद जरूरी है। मेरी आम जनता से अपील है कि किसी पर भी, चाहे वह कितना ही करीबी क्यों न हो, आंख मूंदकर विश्वास न करें। बच्चों के साथ नियमित संवाद बढ़ाएं ताकि वे सुरक्षित महसूस करें और मन की बात साझा कर सकें। किसी भी अनहोनी की स्थिति में बिना डरे तुरंत पुलिस की सहायता लें। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो, जो भविष्य में ऐसे अपराधियों के लिए एक कड़ा सबक बने।"