निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ की चर्चा, कहा—अधिक से अधिक अस्पताल हों सूचीबद्ध
होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिले में चल रही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा करते हुए निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे इस योजना के तहत अपने अस्पतालों को सूचीबद्ध (एम्पैनल) करवाएं, ताकि जिले के प्रत्येक क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न अस्पतालों से आए प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि पंजाब में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड बनाने के मामले में होशियारपुर जिला चौथे स्थान पर है, जहां अब तक 3,25,023 कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विशेष पंजीकरण शिविर लगाकर लोगों के कार्ड बनाए गए हैं। योजना के तहत पंजीकरण सीएससी (CSC) या आरोग्य मित्र के माध्यम से किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में कराया जा सकता है, जिसके लिए आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) आवश्यक हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि वर्तमान में जिले के 8 अस्पताल योजना के तहत सूचीबद्ध हैं, जिनमें धामी नर्सिंग होम अस्पताल, नारद अस्पताल, पी.आर.के.एम. मॉडर्न अस्पताल, झांजी अस्पताल, स्वामी प्रेमानंद अस्पताल, प्रवेश अस्पताल, मैथन एपेक्स अस्पताल तथा सेंट्रल अस्पताल शामिल हैं, जहां लाभार्थी 10 लाख रुपये तक के उपचार का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने निजी अस्पतालों से अपील की कि वे भी इस योजना के तहत अपने अस्पतालों को सूचीबद्ध करवाएं, ताकि लोगों को अपने घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि निजी अस्पताल ump.pmjay.gov.in पोर्टल पर एम्पैनलमेंट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले में इस योजना के तहत अब तक विभिन्न अस्पतालों को 1.84 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्ड बनाने में होशियारपुर का पंजाब में चौथे स्थान पर रहना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) निकास कुमार, अंडर ट्रेनिंग आईएएस गुरकंवल सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।