श्रीराम मंदिर को करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक बताया, कथित चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलने की प्रार्थना की
अयोध्या (Narendra Singh Danu) : आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया।
रामलला के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि श्रीराम मंदिर में प्रभु रामलला के दर्शन का उन्हें परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह भव्य मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था, श्रद्धा और गौरव का प्रतीक है तथा रामलला की दिव्य प्रतिमा की आभा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की है कि यदि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी या अनियमितता हुई है, तो जो भी इसके लिए दोषी हैं उन्हें कठोर से कठोर दंड मिले।
इसके बाद उन्होंने अयोध्या स्थित श्रीहनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। इस दौरान महंत धर्मदास सहित अन्य संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनसे मुलाकात की।