रोजगार सृजन की दिशा में कदम, 24 प्रशिक्षुओं को किया जाएगा पक्का
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब सरकार ने बिजली विभाग में भर्ती को लेकर बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने घोषणा की है कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में भर्ती किए गए 24 अप्रेंटिस उम्मीदवारों को नियमित किया जाएगा।
सरकार के इस फैसले के तहत इन युवाओं को असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। लंबे समय से नियमित भर्ती की मांग कर रहे उम्मीदवारों के लिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए गंभीर है और उनकी योग्यता के अनुसार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का पंजाबी भाषा का पेपर भी लिया जाएगा। परीक्षा से संबंधित सिलेबस, पैटर्न और अन्य दिशा-निर्देश जल्द ही PSPCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
चीमा ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाने पर जोर दे रही है। इसके लिए एक मजबूत सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिससे चयन प्रक्रिया में स्पष्टता बनी रहे और उम्मीदवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सरकार का कहना है कि यह कदम न केवल युवाओं को रोजगार देने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की नीति का भी हिस्सा है।