जश्न में लापरवाही पड़ी भारी, नेता समेत कई गिरफ्तार
लुधियाना: Khanna में नगर कौंसिल चुनाव के नतीजों के बाद सियासी जश्न हिंसा में बदल गया। मामले में Shiromani Akali Dal से जुड़े नेता हरदीप सिंह उर्फ हनी रोशा और उनके भतीजे करण रोशा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 30 से जीत के बाद हनी रोशा समर्थकों के साथ जश्न मना रहे थे। इसी दौरान जुलूस आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप कुमार उर्फ सोनू जौहर के घर के पास पहुंचा, जहां तेज आवाज में गाने बजाने और पटाखे चलाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई। शिकायत के मुताबिक, कुछ लोग जबरन घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। महिला के साथ अभद्र व्यवहार और गर्भवती महिला से धक्का-मुक्की के भी आरोप लगाए गए हैं।
घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। फिलहाल मुख्य आरोपी हनी रोशा और करण रोशा को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।