सोनीपत में इंडस्ट्रियल एरिया में लगी भीषण आग
सोनीपत: Sonipat के कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आग अचानक फैक्ट्री में भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फैक्ट्री में पेंट और केमिकल जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग के दौरान कई धमाके भी सुनाई दिए। आग की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया।
पास स्थित एक दवा फैक्ट्री से भी पानी और अन्य संसाधनों के जरिए सहयोग दिया गया, जिससे आग को आगे फैलने से रोकने में मदद मिली। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय फैक्ट्री बंद थी और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, मॉडल टाउन निवासी राजीव सेठ लंबे समय से करीब 150 गज क्षेत्र में अरोमा पेंट फैक्ट्री चला रहे हैं। फैक्ट्री में दिन के समय काम होता है और यहां करीब 18 मजदूर कार्यरत हैं। सामने बने गोदाम में बड़ी मात्रा में बांस-बल्ली रखी हुई थी। आग की लपटें वहां तक पहुंच गईं, जिससे आग और तेजी से फैल गई। दोनों स्थानों पर भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।