पंजाब/यूटर्न/28 मई। पंजाब में निकाय चुनाव के नतीजे 29 मई आएंगे। पहली बार लोग घर बैठे इसके नतीजे देख पाएंगे। पंजाब के राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने कहा कि https://sec.punjab.gov.in/en/ वेबसाइट पर रिजल्ट मिलेगा। इसके लिए यहां काउंटिंग का लिंक दिया जाएगा। इससे पहले विधानसभा और लोकसभा के नतीजे ही दिखाए जाते थे। आयुक्त राजकमल चौधरी के मुताबिक काउंटिंग सेंटरों पर भीड़ न हो और लोगों को सटीक नतीजे मिलें, इसलिए यह सुविधा दी जा रही है। काउंटिंग के लिए कुल 115 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। 26 मई को 8 नगर निगम, 75 नगर कौंसिल और 21 नगर पंचायतों समेत कुल 104 निकायों के लिए वोटिंग हुई थी। आयुक्त चौधरी ने बताया कि स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच की जा रही है। वीरवार को सभी 115 सेंटरों पर मतगणना स्टाफ को अंतिम रिहर्सल भी करवा दी गई है।
ऐसे दिखेगा रिजल्ट
राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि काउंटिंग सुबह 8 बजे शुरू होगी। जैसे-जैसे वार्डों के राउंड मुकम्मल होते जाएंगे, वैसे-वैसे लिंक पर लोगों को परिणाम दिखने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए लोगों को वेबसाइट पर जाकर लिंक खोलना होगा और अपना जिला और वार्ड की जानकारी भरकर परिणाम हासिल किया जा सकेगा। अगर किसी वार्ड की मतगणना अधूरी होगी तो उसका रिजल्ट नहीं दिखेगा।
------