पंजाब/यूटर्न/27 मई। संगरूर के मूनक में शादी समारोह में खाना खाने से फूड पॉइजनिंग होने से कई लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को संगरूर के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया है, जबकि कुछ लोगों को निजी अस्पतालों में भी दाखिल किया गया। सेहत विभाग ने मूनक में शादी समारोह में परोसे गए खाने के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में जिसने भी खाना खाया अचानक उन्हें उल्टी दस्त होने लग गए और लोग अस्पताल जाने लगे। मामला तब सामने आया जब सरकारी अस्पताल में 81 लोग इलाज के लिए पहुंच गए। बीमार लोगों का कहना है कि कई लोग हरियाणा के प्राइवेट अस्पतालों में भी दाखिल हुए हैं। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा भी मौके पर पहुंचे। बाद में पंजाब सरकार के मंत्री बरिंदर गोयल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीमार लोगों का हालचाल जाना। लोगों ने बताया कि यह समागम मंगलवार दोपहर में एक धर्मशाला में था। जहां खाना खाने के बाद लोग बीमार हुए। कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन संगरूर, एसडीएम और अन्य अधिकारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचकर मरीजों का सही इलाज कराने और हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।